मेडिकल ओपीडी में आने लगे बीमार, लगने लगीं कतार
मेरठ। लाला लापजत राय मेडिकल कॉलेज में 11 जून से नॉन कोविड ओपीडी शुरू हुई है। इसके चलते अब मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सोमवार को 667 मरीज (611 सामान्य, 56 फ्लू ओपीडी ) ओपीडी में आए, जबकि 29 मरीज इमरजेंसी में पहुंचे। पिछले करीब दो महीने से मेडिकल कॉलेज में कोरोना की वजह से ओपीडी सेवाएं बंद थीं।
केवल कोविड की ओपीडी चल रही थी। मरीजों की सुविधा के लिए ओपीडी शुरू की गई है। हालांकि अभी सुबह 8 बजे से 11 बजे तक ओपीडी चल रही है। 13 अप्रैल को प्रदेश सरकार ने मेडिकल कॉलेजों की ओपीडी बंद कर दी थी।
ओपीडी में आने वाले मरीजों को सोशल डिस्टेंस का पालन करने की हिदायत दी जा रही है।
सामान्य तौर पर मेडिकल कॉलेज में रोजाना ढाई से तीन हजार मरीजों की ओपीडी होती थी। इसमें मेरठ सहित आसपास के जिलों के मरीज भी इलाज कराने आते हैं। ओपीडी खुलने से पहले विभिन्न विभागों की टेलीमेडिसिन की सुविधा चल रही थी। डॉक्टर मरीजों को फोन पर ही उपचार बता रहे थे।