संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। एडीएम प्रशासन और पुलिस अधीक्षक देहात ने संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील अधिकारियों के साथ लोगों की शिकायतों को सुना। कुल 45 शिकायतें आई, जिसमें से मौके पर मात्र पांच का ही निस्तारण हो सका।
एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश और पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार ने एसडीएम संतोष कुमार सिंह, सीओ पंकज लवानिया और अन्य अधिकारियों के साथ लोगों की शिकायतों को सुना। जिसमें इकबाल सांधन ने चकरोड को कब्जा मुक्त कराने, प्रशांत कुमार सोना ने ग्राम समाज की भूमि से अतिक्रमण हटवाने, सुशील कुमार पुट्ठी ने सरकारी रास्ता कब्जा मुक्त कराने, विकास त्यागी रहदरा ने दूषित जलभराव से निजात दिलाने, रामानंद शर्मा किशनपुर बिराना ने विद्युत लोड बढ़वाने, इदरीश बहोडूपुर ने खसरे की पैमाइश कराकर कुर्रा लगवाए जाने की मांग की। इसके अलावा ट्रांसफार्मर की प्लेट लगवाने, जलभराव संबंधी कई शिकायतें आईं। एडीएम व पुलिस अधीक्षक देहात ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियत समय में शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।