सीसीएसयू ने ऑनलाइन फार्म उपलब्ध कराए, निर्धारित समय में आवेदन करना होगा
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध मेडिकल कॉलेजों में संचालित एमबीबीएस तृतीय प्रोफेशनल पार्ट-2 (सप्लीमेंट्री) पाठ्यक्रम के छात्रों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन भरने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी करते हुए छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने के निर्देश दिए हैं।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से परीक्षा फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। छात्र 29 मई 2026 तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म एवं परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। भरे हुए परीक्षा फॉर्म संबंधित कॉलेजों में जमा कराने की अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित की गई है, जबकि महाविद्यालयों को 1 जून 2026 तक परीक्षा फॉर्म विश्वविद्यालय में जमा कराने होंगे।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा फॉर्म भरते समय छात्रों को अपना फोटो और हस्ताक्षर ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा। अलग से फोटो चिपकाने पर परीक्षा फॉर्म निरस्त कर दिया जाएगा। साथ ही परीक्षा शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा, ड्राफ्ट मान्य नहीं होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्र परीक्षा फॉर्म सावधानीपूर्वक भरें, क्योंकि फॉर्म केवल एक बार ही भरा जा सकेगा। महाविद्यालयों को भी निर्देश दिए गए हैं कि केवल पात्र छात्रों के फॉर्म ही ऑनलाइन पोर्टल पर अग्रसारित किए जाएं तथा सभी अभिलेखों की ठीक प्रकार जांच की जाए। परीक्षा नियंत्रक ने चेतावनी दी है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी स्थिति में कोई भी परीक्षा फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा।