क्षेत्र के गांव रासना निवासी मनोज पुत्र विजयपाल राजमिस्त्री का काम करता है। कुछ महीने पहले उसने गांव के ही दीपू त्यागी पुत्र नरेंद्र त्यागी के यहां काम किया था। उसी दौरान मनोज को हार्ट अटैक पड़ गया। जिसके कारण दीपू का काम बीच में ही रुक गया।
सोमवार सुबह दीपू अपने दो साथियों के साथ मनोज के घर पहुंच गया और काम पूरा करने की बात कही। मनोज ने दूसरा काम खत्म करने के बाद उसका काम करने की बात कही। इस बात से क्षुब्द होकर दीपू ने मनोज के साथ मारपीट करते हुए लाइसेंसी पिस्टल से गोलियां चला दीं।
एक गोली मनोज के पुत्र बादल के पैर को चीरते हुए निकल गई। वहीं आरोपी ने मनोज के सिर में पिस्टल की बट मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जिन्हें गम्भीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं घायल के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।