फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: मुजफ्फरनगर में कच्ची शराब पीने से एक की मौत, दो की हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

Sun, 04 Aug 2019 05:25 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
सिसौली में जांच पड़ताल करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर के सिसौली कस्बे में कच्ची शराब पीने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथियों की हालत गंभीर है। दोनों मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए हैं। पूछताछ के लिए मृत युवक के भाई को ही हिरासत में लेने से गुस्साए ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर युवकों को कच्ची शराब देने वालों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिस के रवैये पर तीखी नाराजगी जताई। 

विज्ञापन


भौराकलां थाना क्षेत्र के कस्बा सिसौली की नई बस्ती में संत रविदास मंदिर के पास रहने वाले अनुसूचित जाति के ब्रजेश (35) पुत्र चौहल सिंह, नरेंद्र उर्फ काला (42) पुत्र जयपाल और नीरज कश्यप (44) पुत्र रामचंद्र मजदूरी करते थे।

शनिवार को तीनों युवक ठेकेदार पप्पू के साथ काम पर गए थे। परिजनों का कहना है कि जिस व्यक्ति के यहां तीनों ने काम किया, उसने काम खत्म होने पर तीनों युवकों को पीने के लिए एक बोतल शराब दी थी। 

विज्ञापन

घर लौटने के बाद तीनों युवकों ने एक साथ उक्त शराब पी। देर रात तीनों युवकों की हालत बिगड़ गई, जिस पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां से तीनों को गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान ब्रजेश पुत्र चौहल सिंह की मौत हो गई, जबकि नीरज की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, नरेंद्र की हालत स्थिर बताई जा रही है। 

ब्रजेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस मामले में ब्रजेश के भतीजे नितिन ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रविवार सुबह ब्रजेश के भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
विज्ञापन

इससे गुस्साए ग्रामीण थाने जा पहुंचे और परिसर में ही धरना देकर बैठ गए। सूचना पर एसपी क्राइम आरबी चौरसिया टीम के साथ थाने में पहुंचे और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
 
एसपी क्राइम आरबी चौरसिया का कहना है कि तीनों युवक कहां से शराब लेकर आए थे, इसकी जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें