चिदौंडी निवासी हिमांशु का फाइल फोटो। (स्त्रोत परिजन) मवाना।
मेरठ रोड पर राफन चौराहे के पास साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मेरठ रोड पर राफन चौराहे के पास साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गिरी बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेरठ प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान इंचौली थाना क्षेत्र के गांव चिंदौड़ी निवासी हिमांशु (19) की मौत हो गई।
गांव चिंदौड़ी निवासी हिमांशु पुत्र मनोज रविवार को अपने दो दोस्तों वंश व यश के साथ किसी कार्य से मवाना आया था। तीनों काम निपटाकर अपराह्न 2:00 बजे के आसपास लौट रहे थे। जब यह राफन चौराहे पर पहुंचे तो साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। बाइक गिरने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राइवेट एंबुलेंस ने मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हिमांशु ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वंश और यश की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि बाइक हिमांशु चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था।
थाना प्रभारी निरीक्षक पूनम जादौन का कहना है कि मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी तहरीर नहीं मिली है। क्षतिग्रस्त बाइक कब्जे में ले ली है। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि वह गांव कपसाड़ में डयूटी पर हैं। मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था
मृतक हिमांशु बीए तृतीय वर्ष का छात्र था और तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी बहन हिमांशी और भाई हनी है। हिमांशु की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।