मुंडाली। थाना क्षेत्र के अजराड़ा-अटोला संपर्क मार्ग पर मंगलवार रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गांव अजराड़ा निवासी सलमान पुत्र अकबर अली के रूप में हुई। घायल आलिम पुत्र शकील निवासी गांव जसौरी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार, सलमान घर से यह कहकर निकला था कि वह बाग से आम लेकर आ रहा है। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। कुछ देर बाद ही हादसे की सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में सलमान को मेरठ के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल आलिम को भी स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना पर मुंडाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक सलमान के शव का पंचनामा भरकर उसके परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद दोनों गांवों में शोक फैल गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।