मेरठ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की खाद्य सुरक्षा विंग ने बुधवार को 12 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और मिलावट के शक में देवली खेड़ा में डेढ़ क्विंटल रसगुल्ले नष्ट कराए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त दीपक सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन त्योहार के दृष्टिगत लोगों को मिलावटी खाद्य पदार्थ न मिलें, इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है। छह टीमें लगी हुई हैं। इन टीमों ने देवली खेड़ा से रसगुल्ले के दो नमूने लिए। नानू से घेवर का नमूना लिया। सोफियाबाद से बर्फी, मावे और घेवर के नमूने लिए। पीपली खेड़ा से गुलाब जामुन, गंगानगर से घेवर, मवाना से पनीर, बर्फी और बूंदी के लड्डू, सैफपुर फिरोजपुर से खोया, बुढ़ाना गेट से घेवर का नमूना लिया।
शास्त्रीनगर से पेठा और मेवा के लड्डू का नमूना लिया। इन्हें जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।