छह बदमाशाें ने कारोबारी के नौकर के साथ की वारदात
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए लुटेरे, पुलिस तलाश में लगी
फोटो
संवाद न्यूज एजेसी
परीक्षितगढ़ (मेरठ)। कस्बे में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की घटना ने व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया। नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी लक्ष्मीचंद के नौकर शेर मोहम्मद से बाइक सवार छह नकाबपोश बदमाश डेढ़ लाख रुपये की नकदी समेत स्कूटी लूटकर भाग गए। सीओ सदर देहात व एसपी देहात ने पीड़ित व्यापारी व नौकरों से पूछताछ की। घटनास्थल के समीप दुकानों व स्कूलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बदमाश भागते हुए कैद हो गए हैं। पुलिस फुटेज के जरिये बदमाशों की तलाश में लगी है।
जानकारी के अनुसार, मवाना बस स्टैंड निवासी लक्ष्मीचंद का रामनगर दरवाजा कब्रिस्तान के सामने बालाजी भोग आटा, जिंदल फूड प्रोडक्ट्स के नाम से गोदाम है। यहां गांव जई निवासी शेर मोहम्मद बतौर चालक कार्यरत है। मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे शेर मोहम्मद गोदाम से स्कूटी लेकर खानपुर मार्ग स्थित खेत की ओर जा रहा था। गोदाम से मात्र 200 मीटर की दूरी पर शहीद चौक खानपुर मार्ग के समीप पहुंचते ही पहले से घात लगाए दो बाइकों पर सवार छह नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया। नौकर द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर बदमाशों ने उसे गोली मारने की धमकी दी और स्कूटी लूटकर खानपुर मार्ग की ओर भाग गए। स्कूटी की डिग्गी में लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी।
आरोपी सीसीटीवी में कैद
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह और बाद में एसपी देहात अभिजीत कुमार पहुंचे। उन्होंने पीड़ित व्यापारी लक्ष्मी चंद और नौकर शेर मोहम्मद व अभिषेक से अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की दुकानों और स्कूलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बदमाश भागते हुए कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। देर शाम पुलिस ने वारदात की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
व्यापारियों में रोष और सुरक्षा की मांग
दिनदहाड़े हुई लूट की इस वारदात से व्यापारियों में गहरा रोष है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए बदमाशों को शीघ्र गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है। यह घटना नवनियुक्त थानाध्यक्ष सुदीश सिंह के कार्यभार संभालने के कुछ देर बाद हुई है।
वर्जन...
लूट की घटना को अंजाम देकर भाग रहे बदमाश सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कैद हो गए हैं। बदमाशों की पहचान कराई जा रही है। शीघ्र ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा। -अभिजीत कुमार, एसपी देहात
पीडि़त व्यापारी लख्मी चंद सफेद कुर्ता धोती व सिर पर मफलर बांधे और लाठी हाथ में पकड़े हुए - बराब