हस्तिनापुर/परीक्षितगढ़/माछरा/किठौर(मेरठ)। भाई-बहन के प्यार का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाया गया। यहां पर बाजारों में चहल पहल रही।
बहनों ने भाइयों की कलाई पर स्वदेशी राखी बांधी तथा घर में बनी मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। वहीं, भाइयों ने बहन की रक्षा का प्रण लिया। उन्होंने विशेष उपहार भेंट किए। बीते शनिवार को संपूर्ण लॉकडाउन के चलते बाजारों में सन्नाटा था। वहीं, आज बाजारों में काफी भीड़ रही। सोमवार सुबह से ही बाजारों में राखी और मिठाइयों की जमकर खरीदारी हुई। वहीं, विभिन्न संसाधनों से लोग गंतव्यों तक पहुंचे। यह सिलसिला सुबह से शुरू होकर देर शाम तक चलता रहा।
उधर, परीक्षितगढ़ नगर व देहात में रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। वहीं, अखिल विद्या समिति कार्यालय पर रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाया गया। समिति के अध्यक्ष विष्णु अवतार रूहेला ने बताया कि धरती की रक्षा के लिए देवता और असुरों में 12 साल तक युद्ध चला परंतु देवताओं को विजय नहीं मिली। देवगुरु ने इंद्र की पत्नी शचि को श्रावण शुल्क की पूर्णिमा के दिन व्रत रखकर रक्षासूत्र बनाने के लिए कहा। इंद्राणी ने वह रक्षा सूत्र इंद्र की दाहिनी कलाई में बांधा और फिर देवताओं ने असुरों को पराजित कर विजय हासिल की। भाई-बहन का अटूट प्रेम का यह त्योहार हमारे अहम है।
वहीं, माछरा एवं मुंडाली क्षेत्र के माछरा, नंगली अब्दुल्ला, कासमपुर, गोविंदपुरी, रहदरा, बहरोड़ा, बड़ागांव, अमरपुर, शोल्दा, हसनपुर कलां, रछौती, जिसोरा, शाफियाबाद लोटी, अटौला, अजराड़ा, मउखास, नंगलामल, भटीपुरा, सिसौली, भगवानपुर चट्टावन, समयपुर, मुरलीपुर आदि गांवों में बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर मुंह मीठा कराया। वहीं, हाथ में राखी बांधी। भाइयो ने भी बहनों को इसके बदले नकद रुपये शगुन के रूप मे दिए तथा उपहार भी भेंट किए। उधर, बहनों ने भाइयों की लंबी आयु होने की कामना की। उधर, कायस्थ बड्ढा निवासी समाजसेवी रईस बड्ढा ने अपनी मुंह बोली बहन के घर जाकर राखी बंधवाई।
किठौर क्षेत्र में कोरोना काल में चार महीने से घरों में कैद महिलाएं अपनेे गंतव्य के लिए निकलीं। किठौर में मवाना तिराहे, हापुड़ तिराहे पर जाम लग गया। मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। इस पर किठौर में मवाना तिराहा पर किठौर पुलिस व आरएएफ ने मोर्चा संभाला और जाम खुलवाने में लगे रहे। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रोडवेज बस में महिला के नि:शुल्क सफर करने पर महिलाओं ने राहत महसूस की। मिठाई एवं राखियों की दुकान पर प्रात: से दोपहर बाद तक खरीदारों की भारी भीड़ रही।
सरधना में भाई को रक्षाबंधन पर राखी बांधकर तिलक करती बहन।- फोटो : SARDANA
रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधती बहन चिंकी।