मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र के जीआईसी के सामने पता पूछने के बहाने दो बदमाश हापुड़ के धौलाना निवासी अशोक कुमार से 35 हजार रुपये लूटकर भाग गए। पीड़ित ने सदर बाजार थाने में लूट की तहरीर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से बदमाशों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, जिला हापुड़ के धौलाना गांव निवासी अशोक कुमार का बेटा अनीश कुमार तीन दिन पहले सड़क हादसे में घायल हो गया था। अशोक अपने बेटे का उपचार मृत्युंजय अस्पताल में करा रहे है। रविवार सुबह करीब छह बजे वह जीआईसी कालेज के सामने एक दुकान पर चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान दो युवक अशाेक कुमार को पता पूछने के बहाने एक गली में ले गए और उनसे 35 हजार रुपये की नकदी लूटकर भाग गए। अशोक शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वह गलियों से निकलकर भाग गए। अशोक कुमार ने सदर बाजार थाने पहुंचकर अज्ञात दो युवकों के खिलाफ लूट की तहरीर दी है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बेटे के इलाज के लिए उनके पास रुपये रखे थे, जो बदमाश लूटकर ले गए। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि लूट की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।