कोरोना से वृद्धा की मौत, 18 पॉजिटिव मिले
दौराला/मवाना। मेरठ स्थित अस्पताल में भर्ती कोरोना पीड़ित वृद्धा की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर जांच की। इसमें दौराला शुगर मिल के दो अधिकारियों समेत नौ लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई। उधर मवाना शुगर मिल के आठ कर्मचारी और एक अन्य कोरोना पॉजिटिव मिले।
दौराला सीएचसी प्रभारी डॉ. सचिन मलिक ने बताया कि बीते दिनों जांच में लोईया गांव निवासी वृद्धा जांच में कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। उन्हें मेरठ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार देर रात उपचार के दौरान वृद्धा की मौत हो गई। वहीं शुक्रवार को सीएचसी द्वारा दौराला चीनी मिल व सीएचसी में कैंप आयोजित किया गया। मिल के 182 कर्मचारियों समेत 243 लोगों की कोरोना जांच की गई। जांच में मिल के दो अधिकारी समेत नौ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। पॉजिटिव मिले लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव मिले लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने लोगों से कोरोना से बचाव को लेकर मास्क लगाकर रखने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने, शारीरिक दूरी बनाए रखने की अपील की। वहीं मवाना सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर ने बताया कि बृहस्पतिवार को जांच के लिए भेजी गई आरटीपीसीआर में शुगर मिल के 8 कर्मचारी पॉजिटिव मिले। वहीं मोहल्ला कल्याण सिंह का एक व्यक्ति संक्रमित मिला है।
स्वास्थ विभाग की टीम ने लिए सैंपल
सरधना। नगर व देहात क्षेत्र में शुक्रवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना की जांच के लिए लोगोें के सैंपल लिए। इसमें सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि नगर व देहात में 105 लोगाें की सैंपलिंग कराई गई। जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लोगों को अभी भी सतर्कता बरतने की जरूरत है।