बेकार नहीं पुराना शॉल, युवतियां बनवा रहीं डिजाइनर कपड़े
मेरठ। शॉल और सर्दियों का पुराना नाता माना जाता है, लेकिन स्टाइलिश श्रग, कोट और डिजायनर जैकेट पहनने के दौर में शॉल और सर्दियों का रिश्ता कुछ गुम सा हो रहा है। युवतियां ही नहीं अब महिलाएं भी शॉल ओढ़ना पसंद नहीं करतीं। इस विंटर में शॉल को रीडू करने का ट्रेंड खूब चल रहा है। शॉल से कुर्ती, कोट, जैकेट और टॉप डिजायन कराकर महिलाएं पहन रही हैं। शहर के बुटीक्स पर इन दिनों शॉल को रीडू किया जा रहा है।
शादी में मिली शॉल हर किसी के लिए अहम होती है। इस शॉल में गर्माहट से ज्यादा यादें जुड़ी होती हैं। इसी तरह मम्मी से मिली शॉल भी लड़कियों के लिए खास होती है, लेकिन फै शन प्रेमी होने के कारण वो उसे पहन भी नहीं पातीं। ऐसे में ऊन से लेकर पशमीना तक की महंगी शॉलें केवल आलमारी में बंद होकर रह जाती हैं, लेकिन अब आलमारी में सालों से बंद शॉलों को अब युवतियों ने निकालना शुरू कर दिया है। अपने स्टाइल को ध्यान में रखते हुए वे इन शॉल को स्टाइलिश ड्रेस का लुक दे रही हैं। शॉल से युवतियां स्टाइलिश जैकेट, कोट, कुर्ती, टॉप, पोंचू और शर्ट डिजायन करवा रही हैं। इन कपड़ों को वो आसानी से जींस, जैगिंग्स, पेंट और किसी भी प्रकार की स्कर्ट के साथ मिक्स एंड मैच कर सकती हैं। इतना ही नहीं शॉल से डिजायनर ब्लाउज भी स्टिच करवा रही हैं। इस ब्लाउज को वो साड़ी के साथ मैच कर रही हैं। इससे साड़ी में नया लुक आता है और स्टाइल भी बढ़ता है। साथ ही सर्दियों में गर्माहट का आनंद मिलता है।
रीडू कर सकती हैं शॉल
शादी की शॉल हो या मां की दी हुई कोई शॉल, इन सभी को रीडू कर सकती हैं। इन शॉलों से पोंचू, शर्ट, टॉप, जैकेट और कोटी कुछ भी बनवा सकती हैं। ये गर्माहट के साथ स्टाइल भी देगा। - निधि जैन, फैशन डिजायनर