परीक्षितगढ़ (मेरठ)। किठौर-परीक्षितगढ़ मार्ग पर राधा स्वामी सत्संग के पास हुए सड़क हादसे में 70 वर्षीय साइकिल सवार बलवीर की मौत हो गई। बृहस्पतिवार देर गांव की ओर जाते समय किसी वाहन ने बलवीर की साइकिल में टक्कर मार दी। बाद में चालक भाग गया।
गांव आलमगिरपुर बढ़ला के निवासी बलवीर साइकिल पर बृहस्पतिवार को किसी कार्य से परीक्षितगढ़ गए थे। देर रात परीक्षितगढ़-किठौर मार्ग पर किसी वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बलवीर को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस पहुंची और पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बलवीर की पत्नी राजकुमारी, पुत्र संजीव, अमरीश, भूपेंद्र, अमित और पुत्री मोनिका, सीमा सहित अन्य सभी परिजन भी पहुंचे। बड़े बेटे संजीव ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। परीक्षितगढ़ पुलिस जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी देखे जा रहे हैं।