मेरठ। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. वीके सिंह ने सार्वजनिक सूचना जारी की है। यह सूचना राज्य निर्वाचन आयोग संशोधित अधिसूचना 6 जनवरी 2026 के क्रम में जारी की गईं। इसके तहत पूर्व में 19 नवंबर 2025 को जारी सार्वजनिक सूचना में संशोधन किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वृहद पुनरीक्षण के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत निर्वाचक नामावली को अद्यतन करने की विस्तृत समय-सारिणी निर्धारित की गई है। इसके अनुसार 07 जनवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित पाण्डुलिपियां तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालयों में जमा की जाएंगी। इसी अवधि में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन एवं निस्तारण की कार्यवाही भी की जाएगी।
इसके बाद 21 फरवरी 2026 से 16 मार्च 2026 तक पूरक सूचियों की कंप्यूटरीकरण की तैयारी की जाएगी तथा उन्हें मूल निर्वाचक नामावली में यथास्थान समाहित किया जाएगा। साथ ही मतदान केंद्रों एवं मतदान स्थलों के निर्धारण की कार्यवाही भी इसी अवधि में संपन्न होगी।
मतदाता सूचियों के कम्प्यूटरीकरण के उपरांत 17 मार्च 2026 से 27 मार्च 2026 तक मतदान केंद्रों, मतदान स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाताओं का क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूचियों की डाउनलोडिंग एवं फोटो प्रतियां कराने का कार्य किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 28 मार्च को जनसामान्य के लिए किया जाएगा। उन्होंने यह कहा कि वृहद पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाशों में संबंधित निर्वाचन कार्यालय खुले रहेंगे। ताकि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जा सके।
डॉ. वीके सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करें और अपने नाम, पते अथवा अन्य विवरणों में किसी भी त्रुटि के सुधार के लिए समय रहते दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करें, ताकि पंचायत निर्वाचन में त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार की जा सके।