मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 सितंबर को नमो भारत रैपिड ट्रेन को हरी झंडी दिखाने आने की संभावना है। इसके लिए दिल्ली से अफसरों को तैयारी के निर्देश मिल चुके हैं। अभी तक प्रधानमंत्री के आगमन को का समय का निर्धारण नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि वे दोपहर में बारह बजे के करीब नमो भारत रैपिड ट्रेन में सवार होकर आएंगे। यहां हरी झंडी दिखाने के लिए शताब्दीनगर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से शताब्दीनगर में माधवकुंज के सामने रैली की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों की टीम ने शनिवार को भी स्थलीय निरीक्षण कर रैली के स्थान का अवलोकन किया। भाजपा की ओर से भी जनसभा के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए विधानसभा वार जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए जाएंगे। पार्टी पदाधिकारियों की माने तो एक-दो दिन में ही बड़े स्तर पर बैठक कर तैयारियों पर मंथन होगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने बताया कि जनप्रतिनिधियों को जनसभा की तैयारी के लिए निर्देश आए हैं। नमो भारत शहर के लिए बहुत बड़ी सौगात मिलने वाली है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से दिल्ली जाना आसान हुआ है और अब नमो भाारत के पूरे शहर में चलने से सफर और सुगम हो जाएगा।