फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रशासन के चश्मे से सीएम ने किया मेरठ दर्शन  

Wed, 10 May 2017 03:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
मुख्यमंत्री को मेरठ में सब कुछ ठीक मिला। प्रशासन ने योगी को जो दिखाया, वही उन्होंने देखा। गेहूं क्रय केंद्र, मलिन बस्ती, मेडिकल कालेज तक सब कुछ चकाचक मिले। मुख्यमंत्री प्रशासन के चश्मे से मेरठ दर्शन कर वापस लौट गए और पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली। 
विज्ञापन


योगी आदित्यनाथ सुबह 9:20 बजे खरखौदा के जनता इंटर कालेज में बने हेलीपैड पर उतरे और सीधे गार्ड ऑफ ऑनर लेने पहुंचे। यहां से जनप्रतिनिधियों के बीच पहुंचे और स्वागत स्वीकार करते हुए तुरंत खरखौदा के गेहूं क्रय केंद्र पहुंच गए। जहां पर पहले से प्रशासन और खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा पूरी व्यवस्था की हुई थी। गेहूं खरीद के लिए बिल्कुल नये बोरे करीने से लगाए हुए थे। बमुश्किल पांच मिनट यहां रुकने के बाद योगी तुरंत ही शहर के लिए प्रस्थान कर गए।

योगी का काफिला सीधे शास्त्रीनगर की मलिन बस्ती शेरगढ़ी पहुंचा। जहां पिछले दो दिन से नगर निगम और आवास एवं विकास परिषद ने संयुक्त अभियान चलाते हुए व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद कर दी थी। शेरगढ़ी के स्कूल, पार्क, सड़कें पूरी तरह चमकी हुईं थीं। यहां पर करीब 15 मिनट लोगों से वार्ता और उनकी समस्याओं को सुनते हुए मुख्यमंत्री ने समाधान का आश्वासन दिया। 
विज्ञापन


यहां से मेडिकल अस्पताल पहुंचे और इमरजेंसी में जाकर मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केके गुप्ता से बात की। मेडिकल का दौरा भी योगी का पूर्व निर्धारित था, तो तमाम व्यवस्थाएं यहां भी दुरुस्त मिलना स्वाभाविक था। जैसा डॉक्टरों ने मरीजों और उनके तीमारदारों को पढ़ाया हुआ था, वही उन्होंने बोला। ऐसे में यहां पर भी व्यवस्था पूरी तरह चकाचक मिली। 

सही हालात से नहीं हो पाए वाकिफ
कुल मिलाकर योगी आदित्यनाथ ने मेरठ का सरकारी निरीक्षण प्रशासनिक चश्मे से किया। जिसके चलते वह मेरठ से सही हालातों से वाकिफ नहीं हो पाए। इसमें प्रशासन को सबसे अहम सफलता इस बात से भी मिली कि योगी से आम फरियादियों को मुलाकात नहीं करने दी गयी। जिस कारण वह मेरठ की पीड़ा और पीड़ितों का दर्द नहीं जान सके। कुल मिलाकर भाजपा के फायर ब्रांड मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का दौरा आम जनता के लिए वीवीआईपी आगमन का हाईप्रोफाइल ड्रामा जैसा बनकर रह गया। 

परिचित तेवर से दूर नजर आए योगी 
योगी आदित्यनाथ जिस तेवर और अंदाज के लिए जाने जाते हैं, मंगलवार को वह उससे दूर नजर आए। खुद अपने अंदाज से चलने वाले योगी मेरठ के पुलिस-प्रशासन के इशारे पर जिस तरह चले, लोगों के बीच उनके जाने के बाद इसे लेकर चर्चा होती रही। इस पूरे दौरे में प्रशासन जहां अपनी सोच को पूरा करने में कामयाब रहा, तो भाजपाइयों और जनप्रतिनिधियों में योगी के करीब जाने की होड़ नजर आयी। जिसमें आम जनता कहीं पूरी तरह अपने मुख्यमंत्री से दूर रही। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें