अधिकारियों की नींद टूटी, फिलहाल रुक गया खनन
मेरठ। जिले के मवाना, हस्तिनापुर और बहसूमा क्षेत्र में मिट्टी के अवैध खनन पर फिलहाल रोक लग गई है। दो दिन से तीनों ही इलाकों में खनन ही बंद नहीं हो गया है, खनन माफिया भी भूमिगत हो गए हैं। जिम्मेदार विभागों की उदासीनता और मिलीभगत से बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध खनन की खबरें अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों की नींद टूटी और उन्होंने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।
कुछ दिनों से क्षेत्रों में किसानों की लगानी भूमि और गंगा के किनारे सहित बिजनौर बैराज से गढ़मुक्तेश्वर तक जाने वाली मध्य गंग नहर का किनारों पर कहीं दिन तो कहीं रात में बेखौफ होकर अवैध खनन किया जा रहा था। खनन माफिया की जेसीबी दिन ढलते ही ज्यादा सक्रिय हो जाती थीं, वहीं रात में डंपर और ट्रैक्टर ट्रॉलियों की आवाजाही भी बढ़ जाती थी। इससे परेशान स्थानीय लोगों की शिकायतों का अधिकारी संज्ञान भी नहीं लेते थे।
अमर उजाला में अवैध खनन की तस्वीरें प्रकाशित होने के बाद कई विभागो के अधिकारियों की खनन माफिया के साथ मिलीभगत उजागर हुई।। इसके बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आया और सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। हालांकि माफिया को संरक्षण देेने वाले नए सिरे से काम शुरू करने के लिए अधिकारियों से लेनदेन कर तालमेल बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
मिट्टी उठाने और डालने के लिए ली जाती है मोटी रकम
स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर किसी किसान को अपने खेत से मिट्टी उठवानी होती है तो उसे खनन करने वाले को पैसे देने पड़ते हैं। दूसरी ओर उसी मिट्टी को खरीदने वाला भी इन्हें मोटी रकम का भुगतान करता है। इस तरह खनन विभाग से अनुमति लिए बगैर साठगांठ के सहारे रातोंरात लाखों रुपये के वारे-न्यारे किए जाते हैं।
अड़ंगा क्यों लगा रहा है...खनन नहीं रुकेगा
मवाना। परीक्षितगढ खादर में खरकाली गंगा घाट पर गंगा में रेत खनन जारी है। सीएम पोर्टल पर शिकायत के बाद भी पुलिस ने इस बारे में गंभीरता नहीं बरती है। तहसीलदार अजय उपाध्याय कहते हैं कि जल्दी ही इस पर कार्रवाई होगी, वहीं थाना प्रभारी आनंद प्रकाश मिश्र ने खनन बंद होने का दावा किया है। उनका कहना है कि सीएम पोर्टल पर शिकायत के साथ भेजा गया वीडियो दो महीने पुराना है।
योगी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील धामा ने सीएम पोर्टल पर अवैध खनन की शिकायत की थी। शनिवार को अमर उजाला में खबर छपने के बाद माफिया ने शिकायतकर्ता को फोन पर धमकी दी है। माफिया ने धामा से कहा है कि क्यों अड़ंगा लगा रहा है...खनन रुकने वाला नहीं है। वैसे थाना प्रभारी का वीडियो के संबंध में बयान भी पुष्टि करता है कि सरकारी की सख्त हिदायत के बाद भी पालन नहीं हो रहा है।
संवाद