- मालन फिर हुई मैली, केमिकल से पानी हुआ काला
- लगातार मालन नदी में डाला जा रहा है केमिकल युक्त पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर/बेगावाला। मालन नदी लगातार प्रदूषित हो रही है। अब फिर मालन नदी में केमिकल युक्त पानी छोड़ा गया है। दो दिन बीत जाने के बाद भी विभाग ने नमूना नहीं लिया है। बिना जांच किए अधिकारी मालन साफ होने का दावा कर रहे हैं। मगर, उसे बह रहे केमिकल युक्त झाग प्रदूषण की गवाही दे रहे है। मालन नदी में फैल रहा केमिकल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।
मालन नदी में मंगलवार को केमिकल युक्त पानी आया था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से की थी। शिकायत के बाद भी विभाग मालन नदी को प्रदूषित करने वाले स्रोत से दूर है। पहले जो केमिकल छोड़ा गया था, उसे एक फैक्टरी का नाम सामने आया था। मगर, उसकी जांच कारण बताओ नोटिस से आगे नहीं बढ़ी थी। अब फिर से मालन में केमिकल युक्त पानी छोड़ा गया है।
मगर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बिना नमूना लिए मालन को साफ घोषित कर दिया। हकीकत में मालन नदी में केमिकल के झाग तैर रहे हैं। रावली के ग्रामीणों का कहना है कि बुधवार सुबह मालन साफ हो गई थी। लेकिन दोपहर में फिर से पानी काला हो गया। लगातार केमिकल युक्त पानी छोड़ा जा रहा है।
ये सवाल हो रहे खड़े-
-अधिकारी बिना जांच कैसे कर रहे मालन के साफ होने की पुष्टि
-अधिकारियों को आखिर कब मिलेगा कैमिकल छोड़े जाने वाला स्रोत
-क्या मालन नदी में प्रदूषण रोकने में नाकाम साबित हो रहा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
-दो दिन बीतने के बाद भी क्यों नहीं लिया नमूना
-क्या मालन नदी का पानी साफ होने का इंतजार कर रहा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
केमिकल युक्त पानी से बीमार पड़ रहे पशु
रावली निवासी ग्रामीण नरेश कुमार, मुकेश, विरेंद्र, ज्योति का कहना है कि आए दिन मालन नदी में केमिकल युक्त पानी आ रहा है। जिससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा अधिक है। मच्छर अधिक पनप रहे हैं। साथ ही केमिकल युक्त पानी पीने से पशु बीमार पड़ रहे हैं। जबकि जलीय जीव मरने लगते हैं। जो बीमारी बढ़ने का एक कारण है।
एक फैक्टरी से दुर्घटनावश केमिकल का रिसाव मालन नदी में हो गया। अब मालन का पानी साफ हो गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - विजय कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बिजनौर
मामले की जांच कराई जाएगी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों से पूछा जा रहा है। जो भी जिम्मेदार होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।....अंकित कुमार अग्रवाल, डीएम, बिजनौर