13 के बाद 17 अक्तूबर तक विलंब शुल्क के साथ होंगे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने सत्र दिसंबर-2026 विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए परीक्षा फार्म भरने की तिथियां बढ़ा दी हैं। समर्थ पोर्टल वाले पाठ्यक्रमों को छोड़कर अन्य पाठ्यक्रमों के छात्र अब 13 अक्तूबर तक बिना विलंब शुल्क के ऑनलाइन परीक्षा फार्म भर सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 13 सितंबर से शुरू हुई परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया में छात्रों के लिए अंतिम तिथि 13 अक्तूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद 250 रुपये विलंब शुल्क के साथ 15 अक्तूबर और 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 17 अक्तूबर तक परीक्षा फार्म भरे जा सकेंगे।
महाविद्यालयों और संस्थानों को छात्रों के परीक्षा फार्म का विश्वविद्यालय पोर्टल पर ऑनलाइन सत्यापन (कन्फर्म) 19 अक्तूबर तक करना होगा। इसके बाद नॉमिनल रोल (एनआर) सहित परीक्षा फार्म एनआर के क्रम के अनुसार विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग में 21 अक्तूबर तक जमा कराने होंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सात सितंबर को जारी पूर्व विज्ञप्ति की अन्य सभी शर्तें और मद यथावत रहेंगी।