- पीड़ित चिकित्सक का मोबाइल पिटाई के दौरान गायब हुआ
नोट- ऋषिकेश के लिए ध्यानार्थ
-
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित बशीर मस्जिद के पास थार सवार ने ऋषिकेश निवासी चिकित्सक डॉ. प्रशांत अंथवाल की कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान कहासुनी और झगड़े में चिकित्सक का मोबाइल सड़क पर कहीं गिर गया। काफी तलाश करने के बावजूद मोबाइल नहीं मिला। पीड़ित ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज करा कर कार्रवाई की मांग की।
उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित पशुलोक कॉलोनी निवासी डॉ. प्रशांत अंथवाल ने सोमवार को यहां लोहियानगर थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह 15 नवंबर की शाम बुलंदशहर से ऋषिकेश जा रहे थे। उनकी कार हापुड़ रोड पर बशीर मस्जिद के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही लाल रंग की थार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर लगने के बाद थार सवार ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया।
आरोप है कि थार सवार ने चिकित्सक के साथ पिटाई कर दी। वारदात करने के बाद आरोपी मौका से भाग गया। चिकित्सक के अनुसार विवाद के दौरान उनका मोबाइल कहीं गिर गया। उन्हें जब फोन नहीं मिला तो आसपास काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। थाने पहुंचे घायल को पुलिस ने मेडिकल के लिए भेज दिया। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।