संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों ने महिला आरक्षण बिल में अड़ंगा डालने का काम किया, जिससे उन्हें भले ही कुछ समय के लिए राजनीतिक लाभ मिला हो लेकिन आने वाले समय में उन्हें इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
चौधरी जयंत ने पत्रकारों से बातचीत में उत्तर प्रदेश की महिलाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में उनकी भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी तारीफ की। उन्होंने मेरठ में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के संबंध में कहा कि यह संस्थान प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए गेम चेंजर साबित होगा। जयंत चौधरी ने कहा कि उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान गन्ने का भाव 400 रुपये पार कराने का वादा किया था, जिसे पूरा किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को अब आधुनिक तकनीक और जागरूकता अपनानी होगी। उन्होंने एनसीआर क्षेत्र में बागवानी (हॉर्टिकल्चर) की अपार संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इससे किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।