ब्योरे से अलग संपत्ति मिली तो दान कर दूंगा: अतुल
अतुल प्रधान ने कहा कि वह अपनी हर तरह से जांच करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने जिलाधिकारी के नाम शपथ पत्र देते हुए कहा कि इस शपथ पत्र में मेरी तमाम संपत्ति का विवरण मौजूद है। इसके अलावा यदि कोई मेरी संपत्ति है तो शासन-प्रशासन मेरी जांच कर सकता है। किसी भी एजेंसी से जांच करने के लिए प्रशासन स्वतंत्र है, मुझे कोई आपत्ति नहीं है। एफिडेविट के अलावा यदि कोई संपत्ति पाई जाती है तो प्रशासन उसे जब्त कर ले या फिर मैं उसे किसी गरीब के नाम कर दूंगा।
उन्होंने कहा कि जिन डॉक्टरों के खिलाफ में चार दिन से आमरण अनशन पर हू, वे डॉक्टर भी ऐसा शपथ पत्र देकर अपनी संपत्ति की जांच कराय। अतुल प्रधान ने कहा कि सोमवार 11 दिसंबर को कलेक्ट्रेट में ही महापंचायत होगी जिसमें तमाम किसान संगठन और विपक्ष के दल शामिल होंगे व्यापारियों का भी समर्थन मिल रहा है।
इससे पहले मेडा की सीलिंग के विरोध में मंगलवार को जहां चिकित्सकों का न्यूटिमा अस्पताल में जमावड़ा रहा। इस दौरान चिकित्सकों के निशाने पर विधायक अतुल प्रधान रहे। आईएमए जिंदाबाद और विधायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। वहीं चिकित्सकों की हड़ताल की चेतावनी के बाद मेडा और स्वास्थ्य विभाग ने न्यूटिमा अस्पताल में सीलिंग की कार्रवाई को टाल दिया था।