संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में सोमवार को एनएसयूआई मेरठ के कार्यकर्ताओं एवं नीट अभ्यर्थियों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव रोहित राणा, प्रशांत चौधरी और शशांक शर्मा ने किया। जबकि मुख्य अतिथि एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ उपस्थित रहे। छात्रों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी हल्ला बोल अभियान के माध्यम से सरकार और परीक्षा एजेंसी को स्पष्ट संदेश दिया कि अब युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि देशभर में नीट परीक्षा रद्द होने, प्रश्नपत्र लीक और भ्रष्ट परीक्षा तंत्र के कारण छात्रों के बीच भारी आक्रोश, निराशा और मानसिक तनाव का माहौल है। छात्रों ने कहा कि लगातार सामने आ रही छात्र आत्महत्या की घटनाओं ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और इसके लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी तथा केंद्र सरकार जिम्मेदार हैं।
विनोद जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार की लापरवाही और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की विफलता ने लाखों मेहनती छात्रों के सपनों को तोड़ने का काम किया है। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई ने सरकार के सामने अपनी प्रमुख मांगें भी रखीं। इनमें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को तत्काल प्रतिबंधित करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग, नीट घोटाले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और छात्रों के भविष्य एवं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।
प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव डॉ. प्रदीप अरोड़ा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव भाटी, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष वसी अहमद रिजवी, वरिष्ठ नेता महेंद्र शर्मा और मोहम्मद इमराम आदि शामिल रहे।
-