अब सप्ताह में बाजारों के अनुसार रहेगी साप्ताहिक बंदी
मेरठ। प्रदेश में रविवार को साप्ताहिक बंदी की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। ऐसे में शहर के विभिन्न बाजारों में साप्ताहिक बंदी उनके बाजारों के अनुसार रहेगी। शहर में ज्यादातर बाजार सोमवार को बंद रहते हैं। इसके अलावा कुछ बाजार शनिवार तो कुछ बुधवार को बंद रहते हैं। रविवार की बाध्यता समाप्त होने के कारण अब व्यापारियों को अच्छे व्यापार की उम्मीद है।
संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि रविवार की बंदी हटने से व्यापारी को फायदा होगा। संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि शनिवार और रविवार को ही सर्वाधिक गारमेंट, फुटवियर, रोजाना के जरूरत का सामान, कास्मेटिक्स बाजार में खरीदारी होती है। सेंट्रल मार्केट लाइफ टाइम फैशन के संचालक सुधीर शर्मा ने कहा कि बाजार लंबे समय से रविवार की बंदी के कारण प्रभावित है। कारोबार को नुकसान हो रहा था। नौकरीपेशा लोग रविवार को ही खरीदारी के लिए निकलते हैं। कोटला मंडी के व्यापारी सरदार दलजीत सिंह ने कहा कि पूर्व की भांति सोमवार को ही बाजार में साप्ताहिक बंदी रहेगी। रविवार को बंदी से व्यापारियों का पूरे हफ्ते का कारोबार प्रभावित हो रहा था। सदर मंडी व्यापारी अंकित गुप्ता ने कहा कि रविवार को पूरे बाजार में अच्छा कारोबार होता है। सदर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील दुआ और आबूलेन व्यापारी अमित बंसल व सरदार नरेंद्र सिंह ने कहा कि बाजार को इसका सीधा फायदा होगा। हैंडलूम वस्त्र व्यापार संघ के महामंत्री अंकुर गोयल ने कहा कि उनका बाजार रविवार को ही बंद रहता है और अब भी रविवार को ही बंद रहेगा।