रक्षामंत्री तक पहुंचेगा गंगा एक्सप्रेस-वे एलाइनमेंट मामला
मेरठ। गंगा एक्सप्रेस-वे के पहले चरण के एलानमेंट को लेकर पंचायतों का दौर तेजी से शुरू हो गया है। एक तरफ हाजीपुर से एलाइनमेंट को लेकर ठाकुर समाज के लोग एकजुट हो गए हैं। वहीं, दूूसरी ओर कांशी से एलाइनमेंट को लेकर लोग रणनीति बना रहे हैं। मंगलवार को हाजीपुर से एलाइनमेंट को लेकर गांव सिसौली में पंचायत हुई। वहीं, दूसरी ओर कांशी से एलाइनमेंट को लेकर गांव खानपुर में पंचायत की गई। वहीं, ठाकुर समाज अब इस मामले को लेकर जल्द ही रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से भी मिलेगा।
सिसौली में हुई पंचायत में जिला पंचायत सदस्य ठाकुर सतपाल सिंह तोमर ने भी इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र से एलाइनमेंट फाइनल होने के बाद सरकार को फायदा होगा। रक्षा मंत्री से मिलने के लिए दो लोग जाएंगे। कोरोना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस मौके पर प्रधान रामकिशन, मंडल अध्यक्ष योगेंद्र तोमर, ओमपाल चेयरमैन, धर्मवीर, मुनेश आदि मौजूद रहे।
कानूनी लड़ाई के लिए तैयार हम
वहीं, खानपुर में हुई पंचायत में कानूनी लड़ाई लड़ने का एलान किया गया। गांववासियों का कहना है कि जब 29 नवंबर 2019 को 32 गांवों की सूची जारी कर एलाइनमेंट को लगभग फाइनल कर दिया था और बेनामों पर रोक लगा दी थी। इसके बाद ऐसा क्या हो गया जो एलाइनमेंट को हाजीपुर से प्रस्तावित दिखाया गया। उन्होंने इस मामले में आंदोलन करने का भी एलान किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र की मीट फैक्टरी कई महीने से बंद हैं ऐसे में मीट फैक्टरी संचालक इस प्रोजेक्ट में देना चाह रहे हैं। इसी मिलीभगत के चलते एलाइनमेंट बदला गया है। इस मौके पर महबूब सौलाना, पवन गुर्जर, उदय वीर, दीपक त्यागी, सोनू, विनोद, सुंदर आदि मौजूद रहे।