मंडावर। यूं तो किसान सहकारी समितियों का कारोबार खाद और बीज की बिक्री करना रहा है। मगर अब मंडावर सहकारी समिति ने कारोबार की दिशा में एक कदम और बढ़ा दिया है। दरअसल यह समिति अब विवाह मंडप का संचालन भी करेगी। बैंक्वेट हॉल के निर्माण के लिए बाकायदा प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
जिले में 96 किसान सहकारी समितियां संचालित हैं। केंद्र सरकार ने साल 2025 को अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के रूप में भी मनाया। इसी क्रम में सहकारी समितियों के बायोलॉज में परिवर्तन करते हुए नाम भी बदलकर बहुउद्देश्य ग्रामीण सहकारी समिति कर दिए गए थे। इसके साथ ही किसान सहकारी समितियां को खाद बीज के अलावा अन्य कारोबार करने के लिए भी प्रयास किए गए। अब किसान सहकारी समिति मंडावर में विवाह मंडप बनाने की कवायद को धरातल पर उतारने का प्रयास किया गया है। दरअसल इस समिति के पास मंडावर के मुख्य बाजार के पास काफी जमीन है। जमीन का उपयोग करने करने और समिति परिसर में मंडप बनाने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है।
बैंक्वेट हॉल का निर्माण होने के बाद समिति परिसर में शादी और अन्य सामाजिक कार्यक्रम हो सकेंगे। जिससे समिति को भी आमदनी होगी और लोगों को एक सहकारी मंडप भी मिलेगा। लोगों को खर्च भी काम करना होगा। (संवाद)