मेरठ। अयोध्या मामले में फैसले को देखते हुए जो सुरक्षा प्लान शहर और देहात में लागू किया गया था, उसे तीन दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। अब 18 नवंबर की रात्रि तक शहर में आरएएफ और पीएसी तैनात रहेगी। शुक्रवार को शहर के संवेदनशील स्थानों पर फोर्स ने फ्लैग मार्च निकाला।
नौ नवंबर की सुबह सुरक्षा प्लान लागू किया गया था। शहर और देहात के 186 संवेदनशील स्थानों पर फोर्स को तैनात किया गया था। अयोध्या फैसले के बाद शहर पूरी तरह से शांत रहा, लेकिन एहतियात के तौर पर दस नवंबर को जिले के लिए बीएसएफ और पीएसी की अतिरिक्त कंपनी भेजी गईं। 15 नवंबर तक शहर में आरएएफ का सुरक्षा प्लान लागू किया गया था। लेकिन शुक्रवार को सुरक्षा प्लान को आगे बढ़ाया गया। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट संजय पांडेय, सीओ दिनेश शुक्ला, सीओ चक्रपाणि त्रिपाठी ने घंटाघर पर सुरक्षा को लेकर बैठक की। एसएसपी ने निर्देश दिए कि18 नवंबर तक सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा रहेगा। जोनल मजिस्ट्रेट, मजिस्ट्रेट, सीओ, थाना प्रभारी, पुलिस की मोबाइल एक्शन टीम, पोस्टर टीम सभी अपने अपने क्षेत्रों में नजर रखेंगी। पुलिस की ड्यूटी नहीं हटाई जाएगी।
जुमे की नमाज पर कड़ा रहा पहरा
अयोध्या प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद पड़ने वाले पहले शुक्रवार को लेकर पुलिस पूरी मुस्तैद रही। जुमे की नमाज को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट संजय पांडे, सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने आरएएफ और पीएसी के साथ हापुड़ अड्डा, भूमिया का पुल, ब्रह्मपुरी रोड, लिसाड़ी रोड, गोला कुआं, कोतवाली, तीरगरान, गुदड़ी बाजार और अन्य स्थानों पर फ्लैग मार्च निकाला। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव जई, नंगलाशाहू, अब्दुल्लापुर, औरंगाबाद, मेदपुर, लड़पुरा, भावनपुर और पचपेड़ा आदि गांवों की मस्जिदों में जुमे की नमाज सकुशल अदा की गई।
सोशल मीडिया शिकायत अनुभाग का गठन
सोशल साइट्स पर नजर रखने के लिए पुलिस महानिदेशक स्तर पर एक सोशल मीडिया शिकायत अनुभाग का गठन किया है। असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर किए जाने वाले कृत्यों के विषय में पुलिस विभाग को सूचना देने के लिए व्हाट्सएप नंबर 8874327341 जारी किया गया है। कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर अपनी शिकायत, मेसेज, स्क्रीन शॉट या वाइस क्लिप के माध्यम से व्हाट्सएप कर सकते हैं। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। सोशल मीडिया सेल जनपद मेरठ 9454404001 ने यह सूचना जारी की है।