अब घर बैठे कोरियर से मिलेगी छात्र-छात्राओं को डिग्री
मेरठ। सीसीएसयू के छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। अब छात्र-छात्राओं की डिग्री विवि कोरियर के जरिए उनके घर भिजवाएगा। कई साल से विवि इस कवायद में जुटा था। इससे आने वाले वर्षों में किसी भी छात्र-छात्रा को डिग्री लेने के लिए कैंपस में भटकने की जरूरत नहीं होगी।
अब तक छात्रों की डिग्री कॉलेजों में जाती है। छात्रों के वहां से डिग्री नहीं लेने के कारण वो वापस कैंपस में आ जाती है। रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राएं डिग्री लेने के लिए कैंपस आते हैं। सहारनपुर, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर समेत दूसरे जिलों और राज्यों से छात्रों को परेशानी झेलनी होती है। यहां आकर पहले छात्र-छात्राओं को कैंपस स्थित बैंक से फार्म लेकर उसे भरने के बाद छात्र समस्या निवारण केंद्र पर जमा करना होता है। इसके बाद डाक से डिग्री घर भेजी जाती है। इसको लेकर विवि प्रशासन ने तय किया था कि छात्र-छात्राओं की डिग्री कोरियर से घर भेजी जाए। विवि प्रशसान ने इसको लेकर कोरियर कंपनियों से टेंडर मांगे थे। शुक्रवार को कंपनी को वर्क आर्डर दे दिया गया है। जिसके बाद इस साल फाइनल ईयर करने वाले छात्रों की डिग्री कोरियर से घर पहुंचेगी। ये कोरियर कंपनी गांवों में भी डिग्री देगी। डिग्री परीक्षा फार्म में भरे गए पते पर ही जाएगी।
पुरानी डिग्री आवेदन को ऑनलाइन प्रक्रिया जल्द
कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने प्रमाणपत्रों के आवेदन को ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू कराई थी। अब माइग्रेशन और प्रोविजनल सर्टिफिकेट लेने के लिए छात्रों को विवि आने की जरूरत नहीं होती है। ऑनलाइन आवेदन किए जा रहे हैं। आरटीआई में ऑनलाइन कॉपी देखने की व्यवस्था भी होने वाली है। इसका टेंडर भी दिया जा चुका है। कुलपति ने अब डिग्री के लिए भी ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था कराने के लिए कहा है।