डाक टिकट पर अभी तक आपने गांधी, नेहरू, पटेल, आंबेडकर या ऐसी ही किसी महान विभूति की फोटो देखी होगी। लेकिन अब डाक टिकट पर ग्राहक अपनी फोटो भी लगवाकर पत्र भेज सकेंगे। युवाओं को रिझाने के लिए डाक विभाग जल्द ही माई स्टैंप सेवा शुरू करने जा रहा है।
यह जानकारी मेरठ दौरे पर आए बरेली परिक्षेत्र के डाक निदेशक कृष्ण कुमार यादव ने दी। उन्होंने कहा कि मेरठ कैंट प्रधान डाकघर में जल्द ही माई स्टैंप सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। डाक निदेशक ने बताया कि माई स्टैंप के लिए डाकघर में एक फार्म भरकर उसके साथ अपनी फोटो और 300 रुपये जमा करने होंगे।
काउंटर खोलने की तैयारियां शुरू
डाक निदेशक ने कहा कि युवाओं के बीच सेल्फी का क्रेज बढ़ रहा है। ऐसे में उनकी सेल्फी भी माई स्टैंप के तहत डाक टिकट पर स्थान पा सकती है। मेरठ मंडल के प्रवर डाकघर अधीक्षक पीडी रैगर ने बताया कि मेरठ कैंट प्रधान डाकघर में माई स्टैंप काउंटर खोलने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।