अब 13 जनवरी तक बनाएं नैड आईडी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विवि प्रशासन ने नैड (नेशनल एकाडमिक डिपॉजिटर) पोर्टल पर आईडी बनाने की तिथि 13 जनवरी 2020 तक बढ़ा दी है। विवि के निर्देशों के बाद भी अंतिम तिथि 25 दिसंबर तक सिर्फ 1.7 लाख छात्र-छात्राओं ने ही नैड पोर्टल पर आईडी बनाई है। जबकि हर साल विवि से करीब पांच लाख छात्र-छात्राएं पास होते हैं। पोर्टल पर पंजीकरण के बाद छात्रों के सभी प्रमाणपत्र ऑनलाइन हो जाएंगे।
देशभर के सभी शिक्षण संस्थानों में यूजीसी ने छात्र-छात्राओं के लिए नैड में पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया है। नैड एक ऑनलाइन स्टोर है। इसमें छात्र-छात्राएं अपने डिग्री, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और मार्कशीट आदि को सुरक्षित रख सकते हैं। नैड आईडी बनाते समय छात्र-छात्राओं को मार्कशीट, आधार कार्ड, एक फोटो और हस्ताक्षर को स्कैन करके रखना होगा। पंजीकरण फॉर्म का प्रिंट आउट कॉलेजों में जमा करना होगा। विवि प्रशासन से सभी कॉलेजों को पहले पांच दिसंबर तक उसके बाद 25 दिसंबर तक नैड आईडी का विवरण देने के लिए निर्देश दिए थे। मंगलवार शाम तक सिर्फ एक लाख 70 हजार छात्र-छात्राओं ने ही पोर्टल पर पंजीकरण कराया।
18 लाख छात्र-छात्राओं का डाटा अपलोड
चौधरी चरण सिंह विवि ने अब तक नैड पोर्टल पर 18 लाख छात्र-छात्राओं का डाटा अपलोड कर दिया है। इनमें साल 2015 से 2018 के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इन वर्ष में पास होने वाले छात्र आईडी बना सकते हैं।