अब आईजी करेंगे सर्किलों की निगरानी, प्लान तैयार
मेरठ। आईजी रेंज प्रवीण कुमार अब स्वयं सर्किलों की निगरानी करेंगे। इसके लिए कुछ बिंदू निर्धारित किए गए हैं, जिन पर हर शनिवार को समीक्षा होगी। बृहस्पतिवार को रेंज के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों व प्रभारियों को पत्र जारी कर दिया गया।
आईजी रेंज दफ्तर से बृहस्पतिवार को जारी पत्र के अनुसार प्रत्येक शनिवार को जनपद के किसी एक सर्किल का अर्दलीरूम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान थानेवार लंबित एसआर अभियोगों, क्षेत्राधिकारियों द्वारा की जा रही समीक्षाओं के अलावा सर्किल के थाने में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा होगी। वांछित अभियुक्तों, समस्त जांचों के अलावा लंबित जांचों की समीक्षा, जमानत प्रार्थना पत्र के निस्तारण की समीक्षा, जेड रजिस्टर व अपराध रजिस्टर का मिलान, जमानतदारों के रजिस्टर का मिलान होगा। सर्किल के पेशी कार्यालय और सर्किल के किसी भी थाने के आकस्मिक निरीक्षण की बात भी कही गई है। अफसरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह निर्धारित तिथि से दो दिन पूर्व सभी बिंदुओं से जुड़ी जानकारी आईजी रेंज कार्यालय को उपलब्ध कराएं। इस नई व्यवस्था की खास बात यह है कि अर्दलीरूम के दौरान सभी क्षेत्राधिकारी, थानेदार और विवेचक अपने विवेचक रजिस्टर के साथ मौजूद रहेंगे।