मेरठ। जनधन खाताधारक महिलाओं की भीड़ ने बैंकों की व्यवस्था को पिछले माह पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था। ऐसे में बैंक अधिकारियों ने बैंक के बाहर व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस की मदद ली थी। आधा शहर सील होने के बाद बहुत सी बैंक शाखाएं भी उस क्षेत्र में होने के कारण बंद हैं। ऐसे में अन्य शाखाओं पर लोड बढ़ गया है।
आज से जनधन महिला खाताधारकों को मई माह की किश्त उपलब्ध होगी। बैंकों ने इस बार खाता संख्या के आधार पर पैसा देने का निर्णय लिया है। सरकार द्वारा कोविड-19 के अंतर्गत दी जाने वाली राहत के तहत महिला लाभार्थियों के खातों में प्रधानमंत्री जनधन योजना का मई माह का अनुदान 500 रुपये भेज दिया है। बैंकों में भीड़ से बचने के लिए सरकार द्वारा इन खातों में पैसा निकालने का एक क्रम जारी किया गया है। जो खाते के अंतिम अंक के आधार पर होगा।
कौन कब निकाल सकता है पैसा
लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर संजय कुमार ने बताया जिन खातों के अंत में 0 व 1 है वह 4 मई, 2 व 3 है वह 5 मई, 4 व 5 है वह 6 मई, 6 व 7 है वह 8 मई तथा अंतिम नंबर 8 या 9 है वह 11 मई को अपनी संबंधित बैंक शाखा में जाकर राशि को निकाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों से अनुरोध है कि वह आवश्यक होने पर ही खातों से राशि निकालें। आपके खाते में जमा राशि आपके द्वारा कभी भी निकाली जा सकती है। अपने खातों में जमा राशि गांव में कार्यरत बैंक मित्र, बैंक द्वारा नियुक्त ग्राहक सेवा केंद्र अथवा एटीएम से भी प्राप्त कर सकते हैं। जिन्हें बैंक मित्र या एटीएम से राशि निकालने में असुविधा हो रही है, वह अपनी बैंक शाखा में जाकर भी पैसा निकाल सकते हैं। अति आवश्यक होने पर ही बैंक मित्र के माध्यम से राशि निकालें और राशि लेते वक्त सामाजिक दूरी का पालन करें।