भाजपा के आला नेताओं का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी डा. विपिन ताडा से मिला। मुलाकात के बाद बाहर आईं पीड़ित व्यापारी सत्यम की मां से जब मीडिया ने इस प्रकरण में सवाल किया तो वह भावुक हो गईं। बोलीं, बेटे के साथ बहुत बुरा हुआ। हमारे परिवार पर क्या बीत रही है, हमें ही पता है। हमें तो बस न्याय चाहिए।
पीड़ित के साथ भाजपा परिवार, घटना निंदनीय: सांसद अरुण गोविल
सांसद अरुण गोविल ने कहा कि व्यापारी से नाक रगड़वाने की घटना बहुत की निंदनीय है। पीड़ित परिवार के साथ पूरा भाजपा का परिवार है। जो भी लोग इसके जिम्मेदार हैं, चाहे वो पुलिस वाले हों चाहे दूसरे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए। इन पर लगाम लगनी चाहिए। सामाजिक दृष्टि से भी जो हुआ वह गलत हुआ।
लाइनहाजिर कोई दंड नहीं, निलंबन होना चाहिए: लक्ष्मीकांत वाजपेयी
राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि मुख्य आरोपी को जमानत किसके दबाव में दी गई और कम धाराओं में मुकदमा पहले क्यों लिखा गया। बाद में उसमें धाराएं क्यों बढ़ाई गईं। इसकी जांच होनी चाहिए। लाइनहाजिर कोई दंड नहीं है। जो पुलिस वाले मौके पर थे, उनका निलंबन होना चाहिए। जिन थाना क्षेत्र में घटनाएं हो रही हैं, उनके थाना प्रभारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
परिवार को न्याय दिलाया जाएगा: धर्मेंद्र भारद्वाज
एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि घटना बहुत चिंताजनक है। इसे सोचकर आत्मा कांपती है। इस परिवार के साथ अन्याय हुआ है। इसे न्याय दिलाया जाएगा। कानून को इस तरह से काम नहीं करना चाहिए था, जिस तरह से किया है। इसी को लेकर एसएसपी से मिले हैं। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यही प्रदेश सरकार की नीति है और इस परिवार को पूरा न्याय मिलेगा।
सरकार को बदनाम करने का काम किया: अमित अग्रवाल
कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा की इस मामले में पूरा भाजपा संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। कोई भी घटना हो तो तत्काल परिणाम चाहिए। किसी भी दबाव में पुलिस काम न करें। इस मामले में आरोपी के खिलाफ कम धाराएं क्यों लगाईं और कैसे जमानत हो गई इसकी जांच होनी चाहिए। व्यापारी के साथ जो घटना हुई है वह बहुत निंदनीय है। ऐसा करके आरोपियों ने समाज में दहशत फैलाने का काम किया है और सरकार को बदनाम करने का काम किया है।
यह तालिबानियों जैसी घटना: विनीत अग्रवाल शारदा
व्यापारी नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि घटना ने पूरे समाज को शर्मसार किया है। व्यापारी का किसी तरह से शोषण और उत्पीड़न सहन नहीं होगा। जिन्होंने तालिबानियों जैसी घटना की है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
दलित समाज के पट्टे सोमेंद्र ने कराए अपने नाम, जांच हो: आम आदमी पार्टी
ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के समर्थक विकुल चपराना ने जो हरकत की है, उसने सब को शर्मसार कर दिया। डॉ. सोमेंद्र ने कायस्थ गांवड़ी गांव में दलित समाज के लोगों के 24 पट्टे अपने और अपने लोगों के नाम करा दिए हैं। इसकी भी जांच होनी चाहिए। यह गंभीर विषय है।
- अंकुश चौधरी, जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी
संयुक्त व्यापार संघ ने की कठोर कार्रवाई की मांग
संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारी बृहस्पतिवार को डीएम और एसएसपी से मिले और आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि घटना के बाद व्यापारियों में भय का माहौल बना है। आरोपी पर सख्त कार्रवाई हो जाएगी तो भविष्य में व्यापारियों के साथ कोई इस तरह की घटना नहीं कर पाएगा। इस दौरान महामंत्री दलजीत सिंह, रजनीश कौशल, सुधीर रस्तोगी, पवन गर्ग, राजीव गोयल, प्रदीप शर्मा, आलोक रस्तोगी, सतेंद्र अग्रवाल, ललित गुप्ता अमूल आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल डी ब्लाक शास्त्रीनगर स्थित सत्यम रस्तोगी के घर गया और पूरी मदद का आश्वासन दिया।
ये है मामला
19 अक्तूबर 2025 की रात करीब दस बजे तेजगढ़ी चौराहे के पास कार पार्किंग को लेकर भाजपा नेता विकुल चपराना का हैंडलूम व्यापारी सत्यम रस्तोगी से विवाद हो गया था। विकुल ने राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के नाम का रौब दिखाते हुए व्यापारी से अभद्रता की थी। इतना ही नहीं उनसे नाक रगड़वाकर माफी भी मंगवाई थी। मौके पर पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। इसकी वीडियो क्लिप वायरल हुई। तब से यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है।