सरधना। लापता दुल्हा मोहसिन दुल्हन के साथ। परिजन
सरधना। कस्बे के मोहल्ला ऊंचापुर से बुधवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए दूल्हे मोहसिन का शनिवार तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस के मुताबिक दूल्हा दौराला गंगनहर पुलिस चौकी के सीसीटीवी फुटेज में गंगनहर से नानू पुल की तरफ जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद वह नानू गंगनहर पुल की फुटेज में वह नजर नहीं आया। पुलिस ने इस आधार पर उसके गंगनहर में कूदने की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार मोहसिन की शादी बुधवार को खतौली निवासी युवती से हुई थी। शादी की सभी रस्में पूरी करने के बाद दूल्हा-दुल्हन को घर लेकर आया। लेकिन सुहागरात के दौरान अचानक घर से बिना बताए निकल गया। दुल्हन ने बताया कि वह बल्ब लाने के लिए गया था। रातभर खोजबीन के बाद परिवार ने बृहस्पतिवार को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस जांच में सामने आया कि वह रात करीब 1:42 बजे दौराला गंगनहर पुल से नानू की ओर पैदल गया। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। इस घटना के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन पुलिस टीमों को लगाया गया है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।