न्यायिक अधिकारी, कुलपति, आईपीएस अधिकारी, डॉक्टर और तमाम बिजनेसमैन शनिवार को कुछ अलग ही रंग में थे। मौका था डीएन डिग्री कॉलेज में एल्युमिनी मीट का, जिसमें कॉलेज के पुरातन विद्यार्थी देशभर से इकट्ठा हुए। यहां कोई अधिकारी नहीं था, हर कोई कॉलेज से मिले अनुभव और यहां सीखे गए अनुशासन की बातें कर रहा था। कोई पीपल के पेड़ के नीचे खड़ा होकर कॉलेज टाइम की बातें साझा करता दिखा तो कोई पुराने साथी से पूछने लगा कि मुझे पहचाना क्या? करीब 40-50 साल बाद मुलाकात हुई तो खट्टी-मीठी यादों को ताजा करने का खूब दौर चला। किसी की पुरानी बातें सुनकर हॉल में ठहाके गूंजने लगे तो कोई उस समय को याद करते हुए भावुक हो गया।
सम्मेलन में पहुंचे इन पुरातन छात्र-छात्राओं ने कॉलेज को अपने फंड के दम पर एक अलग पहचान बनाने की अच्छी पहल की शुरुआत की। देश-विदेश में रहे दूसरे साथियों को भी डिजिटल माध्यम से जोड़ने का विचार रखा। ताकि सभी मिलकर एक ऐसा बड़ा फंड तैयार कर सकें जिससे कॉलेज में कोई भी छात्र-छात्रा पढ़ाई के अभाव में पीछे न रह जाए। कॉलेज के प्राचार्य सरस्वती सम्मान से पुरस्कृत डॉ. बीएस यादव ने कॉलेज की उपलब्धियों के बारे में अवगत कराया। कहा कि उनके कॉलेज का अनुशासन सबसे अलग है। कॉलेज के डीन डॉ. एसके अग्रवाल ने बताया कि 1963 बैच के अमेरिका में रहने वाले मोहिंदर लाल नैय्यर ने चार वर्ष पूर्व 10 लाख रुपये देकर फंड की स्थापना की। जिसके ब्याज से विभिन्न विभागों से हर साल चयनित नौ विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में पुरातन छात्र-छात्राओं के सम्मान के बाद देश में बड़े ओहदों पर रहने वाले पुरातन छात्रों ने अपने अनुभव और कॉलेजों में बिताए गए वक्त के बारे में बताया। इसके बाद बारी आई सांस्कृतिक कार्यक्रमों की। छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ। इसके बाद सभी ने मिल जुलकर व्यंजनों का आनंद लिया।
ये रहे मौजूद
सम्मेलन में मुख्य रूप से रिटायर्ड जज डॉ. सतीश चंद्रा, सीसीएसयू के कुलपति प्रो. एनके तनेजा, जितेंद्र मोहन भारद्वाज, एडिशनल डायरेक्टर सिक्योरिटी, संसद नई दिल्ली, आईपीएस अधिकारी अनिल कुमार शर्मा (एनआरआई कमीशन पंजाब के मेंबर), पद्मश्री वैद्य डॉ. बालेंदु भूषण, कॉलेज के अवैतनिक मंत्री सेठ दयानंद गुप्ता आदि ने भाग लिया। संचालन एल्युमिनाई एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव मेंबर डॉ. नुपूर चटर्जी और सेक्रेट्री डॉ. आभा अवस्थी ने किया। डीएन कॉलेज एल्युमिनी एसोसिएशन के अध्यक्ष वीके नौटियाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। एल्युमिनी एसोसिएशन की संयोजिका डॉ. शैफाली पूनिया, मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज सिंह, चीफ प्रॉक्टर डॉ. सुधीर गुप्ता, डॉ. अशोक राठी, जिनेंद्र बौद्घ, डॉ. तनुज कुमार, विकास अग्रवाल, मेरठ कॉलेज से डॉ. युद्घवीर सिंह, डॉ. कपिल कुमार, डॉ. सीमा सिंह, एडवोकेट डॉ. ओपी शर्मा, बिल्डर अतुल गुप्ता, डॉ. बीके अग्रवाल, उमेश राजवंशी, डॉ. एके मांगलिक, यशपाल शर्मा, आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।
इन छात्र-छात्राओं को मिली स्कॉलरशिप
कॉमर्स विभाग से आंचल गुप्ता, केमेस्ट्री विभाग से प्रिया तोमर, कंप्यूटर साइंस से आंचल, अंग्रेजी विभाग से तोषी, बॉटनी से रितु शर्मा, फिजिक्स विभाग से तोमिश प्रजापति, डिबेट में अंकुर कौशिक, मैथ में प्रियंका गोयल, स्पोर्ट्स में फैसल खान को स्कॉलरशिप चेक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।