एलआईसी पर नहीं आर्थिक मंदी का प्रभाव
मेरठ। आर्थिक मंदी की चर्चाओं के बीच एलआईसी ने अगस्त माह में रिकॉर्ड प्रीमियम 114 करोड़ एकत्रित कर उत्तर मध्य क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रभातनगर में आयोजित प्रेसवार्ता में वरिष्ठ मंडल प्रबंधक भगवान सिंह ने बताया कि 31 अगस्त तक 88,595 पॉलिसी और 315 करोड़ का व्यवसाय किया गया है। एलआईसी के लाखों प्रीमियम धारकों पर आर्थिक मंदी जैसी स्थिति का कोई प्रभाव नहीं है।
एलआईसी अपनी 63 वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है। मार्केटिंग हेड अशोक रैना ने बताया कि कार्यक्रमों की शृंखला में मंगलवार सुबह सूरजकुंड पार्क में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। बाद में प्रभात नगर मंडल कार्यालय में अभिकर्ता सम्मान दिवस मनाया गया। मार्केटिंग मैनेजर प्रवीन मित्तल ने बताया कि एलआईसी ने वित्तीय वर्ष 2018-19 के दौरान नव व्यवसाय के अंतर्गत अर्जित प्रथम प्रीमियम आय में 5.68 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। एलआईसी के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रतिदिन एक लाख से अधिक लॉग इन काउंट के साथ लगभग 1.13 करोड़ से अधिक रजिस्टर्ड यूजर हैं। प्रबंधक विक्रय यूसी जैन ने बताया कि एलआईसी सामाजिक सुरक्षा योजना जैसे एकीकृत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं एकीकृत आम बीमा योजना के अंतर्गत रियायती दरों पर गरीबी रेखा के नीचे एवं उनके थोड़ा ऊपर जीवन यापन करने वाले लोगोें को बीमा सुरक्षा प्रदान कर रही हैं।
जल संरक्षण पर कार्य
सीनियर डिविजन मैनेजर भगवान सिंह ने बताया कि एलआईसी अपने सभी डिविजन और ब्रांच ऑफिस में वाटर हार्वेेस्टिंग सिस्टम लगाएगी। इससे साथ पौधरोपण कार्यक्रम भी लगातार जारी रहेंगे।