नाबालिग बोला- साजिश के तहत फंसाया जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के समीप 11 सितंबर को हुई नितिन नागर की गोली मारकर हत्या के मामले में शनिवार को नामजद नाबालिग आरोपी ने तहसील परिसर स्थित सीओ कार्यालय पहुंचकर सीओ पंकज लवानिया के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण की सूचना मिलते ही पुलिस उसे हस्तिनापुर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। अब तक छह आरोपियों को जेल भेजा जा चुका आत्मसमर्पण करने वाला यह दूसरा आरोपी है। इससे पहले ऋषभ ने भी कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था।
सातवां नाबालिग आरोपी अभी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस मेरठ समेत अन्य जिलों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। शनिवार को नाबालिग आरोपी ने अपने परिजनों के साथ तहसील परिसर स्थित सीओ कार्यालय पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। परिजन उसे कड़ी सुरक्षा के बीच लेकर सीओ कार्यालय पहुंचे।
नाबालिग ने आत्मसमर्पण से पूर्व एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। जिसमें उसने खुद को हत्या की घटना में शामिल नहीं होने की बात कही। उसका कहना था कि उसे साजिश के तहत मामले में फंसाया गया है और उसका नितिन की हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। उसने पुलिस से मामले की गहनता से जांच कर वास्तविकता सामने लाने की मांग की। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाला आरोपी नाबालिग है। घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।