माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नववर्ष के पहले दिन बागपत रोड स्थित छोटा श्री खाटू श्याम मंदिर में भक्तों की लंबी कतार लगी रही। भक्तों ने जय श्री श्याम और ओम श्री श्याम का जाप करते हुए निशान यात्रा निकाली। शहर के विभिन्न मार्ग से होकर यात्रा मंदिर परिसर में पहुंची। कई जगहों पर इसका स्वागत किया गया।
निशान यात्रा का विधिवत पूजन मंदिर समिति के संरक्षक जितेंद्र शर्मा ने कराया। शाम ढलते ही मंदिर परिसर में भजन संध्या हुई। अनिल गोल्डी ने भजन संध्या का शुभारंभ किया। भजनों की प्रस्तुति ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस दौरान नीरज गुरु ने हारे के सहारे आजा, तेरा दास पुकारे आजा..., मेरी बिगड़ी बनाने वाले, मुझे गले से लगाने वाले...जैसे भजनों से भक्तों को भावविभोर कर दिया। अंकुश उपाध्याय, मन्नू पंजाबी सहित अन्य कलाकारों ने भी बाबा श्याम के भजनों से समां बांधा।
कुलदीप अग्रवाल ने भगवान भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद वितरित किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रभात शर्मा, रविंद्र भाटी, मुदित मांगलिक, संजय माहेश्वरी, रणबीर शर्मा, शुभम अग्रवाल, कर्मवीर यादव, गौरव शर्मा सहित अन्य का सहयोग रहा।