दौराला। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बुधवार रात और बृहस्पतिवार को अलग-अलग हादसों में नौ कांवड़िये घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
बुधवार रात वलीदपुर कट के पास हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे लावड़ निवासी रोहताश को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने उसे दौराला सीएचसी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एटूजेड कट के पास हरिद्वार जल लेने जा रहे दिल्ली के बुराड़ी निवासी अमन और अंकित की बाइक अज्ञात वाहन की टक्कर से फिसल गई। दोनों को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया गया। मटौर कट के पास भी अज्ञात वाहन की टक्कर से दिल्ली के नंदनगरी निवासी आदित्य और गौरव घायल हो गए। दोनों को दौराला सीएचसी में भर्ती कराया गया।
वहीं, दादरी गांव में शिवशक्ति ढाबे के पास हरिद्वार जल लेने जा रहे हापुड़ के मीनाक्षीपुरम निवासी जॉनी और गौरव की बाइक की टक्कर हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे भावनपुर के औरंगाबाद निवासी संजू और कपिल से हो गई। हादसे में चारों घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।