सरधना। विकास खंड सरधना के गांव जुलेढ़ा में तालाब की गंदगी में फंसकर एक नील गाय मर गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर हंगामा किया। आरोप लगाया कि तालाब की सफाई के लिए ग्रामीण करीब 70 शिकायत पत्र ब्लॉक व तहसील में दे चुके हैं। इसके बावजूद अधिकारी संज्ञान नहीं ले रहे हैं।
गांव जुलेढ़ा निवासी डालचंद, सोनू, राकेश, रिंकू, मुनेश, प्रवेश चंद्रकेतु एडवोकेट आदि ने बताया कि गांव में स्थित तालाब की सफाई नहीं होने के कारण गंदगी अटी पड़ी है। इसमें सोमवार को एक नीलगाय की फंसकर मर गई। ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और प्रशासन की अनदेखी पर हंगामा किया।
ग्रामीणों ने बताया कि डीएम, एसडीएम, तहसीलदार, बीडीओ को सफाई के लिए प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ।
बताया कि आबादी के निकट स्थित तालाब की करीब 10 साल से सफाई नहीं हुई है। पानी की निकासी न होने के कारण दूषित पानी रास्तों पर भरा रहता है।