नगर निगम और नगर पालिका, नगर पंचायतों के मतगणना के लिए पोलिंग पार्टियां भामाशाह पार्क से रवाना होंगी। सभी 16 निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की निगरानी के लिए 19 टीमें बनाई गई हैं। नगर निगम चुनाव कराने के लिए बने प्रेक्षक सुधीर महादेव बोडबे और नगर पालिका-नगर पंचायत चुनाव प्रेक्षक कंचन सरन ने कहा कि निगरानी टीम को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रचार करने वाले प्रत्याशियों और उसके समर्थकों की वीडियोग्राफी कर मुकदमा दर्ज कराया जाए।
कर्तव्य निभाएं, वोट जरूर दें
अमर उजाला में आठ दिन संवाद किया गया, जिसमें सामाजिक संगठन, युवा, महिला, व्यापारी, उद्यमी, चिकित्सक, कर्मचारी, सीए और बिल्डर सहित अन्य विभागों से जुड़े लोगों के साथ संवाद किया, जिसमें सभी संगठनों के समाजसेवियों ने मतदाताओं से अपील की है कि 11 मई को मतदाता ज्यादा से ज्यादा संख्या में घरों से निकलें और अपने अधिकार का प्रयोग करें।
मतदान वाला दिन बंदी दिवस साप्ताहिक दिवस नहीं
डीएम दीपक मीणा ने बताया है कि 11 मई को मतदान वाला दिन बंदी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। दुकान, स्कूल, सरकारी कार्यालय सहित अन्य वाणिज्यिक अधिष्ठान बंद रहेंगे। इस दिन दुकान और वाणिज्यिक अधिष्ठान की साप्ताहिक छुट्टी का दिन नहीं माना जाएगा।
डीएम दीपक मीणा ने मंगलवार को निर्वाचन सुपरवाइजर औ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास भवन सभागार में बैठक की। उन्होंने निर्वाचन सुपरवाइजर को निर्देश दिए कि 10 मई की शाम तक वोटर को मतदाता पर्ची मिल जानी चाहिए। अभी कई जगह से शिकायतें आ रही हैं कि बीएलओ ने मतदाता पर्ची नहीं बांटी है। डीएम ने एसीएम से कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से मतदान केंद्रों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार, मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराना है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एडीएम प्रशासन अमित कुमार सिंह, एसडीएम सदर ओजस्वी राज, एसीएम संगीता सहित अन्य संबंधित अधिकारी और निर्वाचन सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
यहां करें शिकायत
डीएम दीपक मीणा का कहना है कि अगर मतदाता को कोई भी चुनाव से संबंधित शिकायत करनी है तो उसके लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल जारी किए गए हैं। 24 घंटे शिकायत सुनने के लिए कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह कंट्रोल रूम 13 मई 2023 तक जारी रहेगा। फोन नंबर 0121-2991191 और 0121-2664133 है।
पोलिंग पार्टियों को रवाना करने से पहले विक्टोरिया पार्क का निरीक्षण
पोलिंग पार्टियों को रवाना करने से पहले सोमवार को डीएम दीपक मीणा ने विक्टोरिया पार्क का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए है कि पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों पर भेजने की व्यवस्था पूरी हो, ताकि मतदान कर्मियों को परेशानी न हो और वह समय से पहुंचे। उसके बाद डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में चुनाव से संबंधित तैयारियों के संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें रिजर्व ईवीएम के रखने तथा रिजर्व आरओ के ठहरने के लिए स्थान चयन हेतु कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
डीएम ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर रिजर्व आरओ को गन्तव्य तक पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मतदान के दिन सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्र में रहने और वेबकास्टिंग-वीडियोग्राफी की व्यवस्था शीघ्र पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये।