घंटाघर से रेलवे रोड चौराहा तक नालों के ऊपर और सड़क किनारे स्थाई, अस्थाई अतिक्रमण को नगर निगम ने बुधवार को हटवा दिया। थाना पुलिस और आरआरएफ की मौजूदगी के कारण निगम कर्मियों को जनता के भारी विरोध का सामना नहीं करना पड़ा। अतिक्रमण हटाओ अभियान कमिश्नर डा. प्रभात कुमार के निर्देश पर चलाया गया।
नगर निगम के अवर अभियंता रामवृक्ष, कर अधीक्षक सुरेंद्र सिंह, लेखपाल कुंवरपाल और राजकुमार जेसीबी लेकर एसपी सिटी कार्यालय के बाहर पहुंचे। इनके पहुंचने से पहले ही देहली गेट थाना पुलिस और आरआरएफ वहां तैनात थी। नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में सड़क किनारे नाले और सड़क पर स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। जहां खोखे आदि हटवाएं वहीं अवैध होर्डिंग भी उखाड़े गए। सबसे अधिक अतिक्रमण मेनका सिनेमा और डीएन कालेज के सामने तांगा स्टैंड के निकट रहा। निगम टीम ने एक सिरे से सभी खोखे हटवाए। तांगा स्टैंड के पास से अतिक्रमण हटाए जाते समय लोगों ने हलका विरोध किया। अतिक्रमण के कारण नाला सफाई नहीं हो पा रही थी। जिसके कारण मार्ग पर पिछले तीन दिन से जलभराव हो रहा है। मार्ग से गुजरना भी दुर्भर हो रहा है। व्यापारियों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। पड़ोसी पूर्वा महावीर इलाके की जनता जलभराव के कारण घरों में कैद होने को मजबूर है। अब राहत की उम्मीद जगी है।