धौलड़ी गांव के जंगल में 31 दिसंबर को न्यू ईयर के अवसर पर रेव पार्टी का आयोजन किया जाएगा। ये मेसेज सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। रेव पार्टी में शामिल होने के लिये एंट्री फीस भी रखी गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि ऐसी किसी भी पार्टी का आयोजन नहीं होने दिया जाएगा।
जानी इलाके में सोशल मीडिया पर आजकल एक मेसेज छाया हुआ है। मेसेेज में धौलड़ी के जंगल में नववर्ष पर एक पार्टी के आयोजन की बात कही गई है। एंट्री फीस 1200 से लेकर 3000 रुपये तक है। अलग-अलग कार्यक्रमों की अलग से फीस है। मेसेज में हुक्का पार्टी, रंगारंग कार्यक्रम, डांस, हर प्रकार के खाने पीने की सुविधा के साथ महिला मित्र को लाने पर रात में रहने के लिये टैंट की सुविधा की बात भी है। कार्यक्रम का समय 31 दिसंबर की शाम पांच से एक जनवरी की दोपहर 12 बजे तक है।
कार्यक्रम को पूरी तरह से जंगल में मनाने की बात है। मेसेज में संपर्क के लिये दो मोबाइल नंबर भी लिखे हुए हैं। यह मेसेज एक सप्ताह पूर्व सोशल मीडिया पर आया था। इसके बात यह मेसेज तेजी से फैला। इस मेसेज की शिकायत बुधवार को किसी ने एसपी देहात से की। एसपी देहात ने जानी थानाध्यक्ष प्रेमचंद्र शर्मा से ऐसे किसी भी आयोजन को रोकने के आदेश दिये। जानी थानाध्यक्ष प्रेमचंद्र शर्मा के अनुसार ऐसा आयोजन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किसी भी हालत में रेव पार्टी नहीं होने दी जाएगी। जानकारी जरूर मिली है, इसके लिए एसओ जानी को लगाया गया है। न्यू ईयर पर लोग जश्न मनाएं, लेकिन हुड़दंग बर्दाश्त नहीं करेंगे। राजेश कुमार, एसपी देहात