गुलजार हुई नवीन फल मंडी, खूब हुआ फलों का कारोबार
मेरठ। शहर के कुछ बाजार अनलॉक होने का असर नवीन फल मंडी पर भी साफ दिखाई दिया। सुबह 7 बजे से 10 बजे तक मंडी में फल खरीदारों की संख्या अधिक रही। वहीं, व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे। व्यापारियों ने सभी फल खरीदारों को मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का अनुपालन करने का संदेश दिया। वहीं इन नियमों को लागू भी कराया। हालांकि, अभी फल मंडी सप्ताह में केवल तीन दिन यानी मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को ही खोले जाने की अनुमति है, जिसके कारण व्यापारी अभी सभी फल नहीं मंगवा रहे हैं। शनिवार को मंडी में केले की आपूर्ति हुई। फल मंडी व्यापारियों का कहना है कि अगर प्रशासन प्रतिदिन मंडी खोलने की अनुमति दे तो व्यापारी सभी फल मंगाने शुरू कर देंगे। कुछ फल ऐसे हैं जिनको कोल्ड स्टोरेज में ही सुरक्षित रखा जा सकता है। ऐसी व्यवस्था नवीन फल मंडी में नहीं है।
मलिहाबाद का दशहरी आम भी पहुंचा
नवीन फल मंडी में शनिवार को सेब, लीची, खरबूजा, तरबूज की भरमार रही। इन फलों के साथ-साथ मलिहाबाद (लखनऊ) का दशहरी आम भी फल मंडी में पहुंचा। फल मंडी में लीची 25 से 30 रुपये किलो, सेब 40 से 45 रुपये किलो, खरबूजा 7 से 8 रुपये किलो और दशहरी आम 20 से 25 किलो थोक में बिका।
मंडी में अच्छा रहा कारोबार
नवीन फल मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष हाजी इरशाद अहमद ने कहा कि शनिवार को नवीन फल मंडी चालू होने का दूसरा दिन था। शनिवार को मंडी में अच्छा कारोबार रहा। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कराया जा रहा है। प्रशासन से मांग है कि सप्ताह में तीन दिन की जगह पूरे सप्ताह मंडी खोलने की अनुमति दें।