मोदीपुरम (मेरठ)। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षण की गुणवत्ता के साथ स्वास्थ्य और खेलों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने जल्द ही नई डिग्री प्रोग्राम के साथ-साथ सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स प्रारंभ करने के निर्देश सभी अधिष्ठाताओं को दिए।
कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने शिक्षकों को समय का पाबंद रहने और विश्वविद्यालय में रहकर किसान उपयोगी शोध कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने किसान उपयोगी तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना (रोडमैप) जल्द तैयार करने की बात कही। कुलपति ने विभिन्न महाविद्यालयों का दौरा कर वहां की प्रगति और समस्याओं का जायजा भी लिया। उन्होंने यह भी कहा कि इन कोर्स का लाभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ प्रदेश के अन्य हिस्सों के लोगों को भी मिले। इसके लिए प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं में तेजी लाने और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए उनके सकारात्मक परिणामों को किसानों तक पहुंचाने पर बल दिया। कुलपति ने विभिन्न निर्देशकों और अधिष्ठाताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यों के पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन का अवलोकन किया और दो दिनों में पूरे विश्वविद्यालय के लिए एक रोडमैप तैयार कर उस पर तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वित्त नियंत्रक पंकज चतुर्वेदी और कुलसचिव प्रो. रामजी सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।