संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित नेताजी की प्रतिमा पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और नमन किया। कुलपति ने कहा कि नेताजी का भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में योगदान अतुलनीय है। वे निर्भीक राष्ट्रवादी नेता होने के साथ युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन त्याग, अनुशासन, साहस और राष्ट्र-समर्पण का जीवंत प्रतीक है।
कुलपति ने कहा कि आजाद हिंद फौज के गठन से उन्होंने साबित किया कि संगठित शक्ति और दृढ़ संकल्प से असंभव भी संभव हो सकता है। प्रो. शुक्ला ने युवाओं से अपील की कि वे नेताजी के आदर्शों से प्रेरित होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। कार्यक्रम में शोध निदेशक प्रो. वीरपाल सिंह, साहित्यिक सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष प्रो. नीलू जैन गुप्ता, समन्वयक प्रो. कृष्णकांत शर्मा, प्रो. एवी कौर, डॉ. वैशाली पाटिल, मितेंद्र कुमार गुप्ता, मनीष मिश्रा, सर्वोत्तम शर्मा, दीपक त्यागी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।