मेरठ में समाजवादी अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष भोज प्रताप सिंह तोमर की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। वह 50 साल के थे और गंगानगर के रहने वाले थे। परिवार में पत्नी, दो बेटे और बेटी है। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को उन्हें कोरोना की पुष्टि हुई थी।
सांस लेने में दिक्कत थी। ज्यादा परेशानी हुई तो बुधवार को एंबुलेंस में कई निजी अस्पतालों के चक्कर लगाए, लेकिन बेड फुल होना बताकर भर्ती नहीं किया गया। बाद में वह मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां भी भर्ती होने में देरी हुई।
मेडिकल में उन्हें बेंच पर लिटाकर ही ऑक्सीजन दी गई। फिर बेड की व्यवस्था की गई। दोपहर करीब 12 बजे उन्हें भर्ती किया गया, लेकिन दो घंटे बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों और सपा कार्यकर्ताओं ने देरी से इलाज को मौत का कारण बताया है। वहीं, मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर सिंह त्यागी और महामंत्री सचिन चौधरी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने शोक जताया है।
एंबुलेंस में खत्म हो गई थी ऑक्सीजन
भोज प्रताप सिंह तोमर के दोस्त सपा नेता विपिन मनोठिया ने बताया कि मोदीपुरम से एक एंबुलेंस की थी। इसमें उन्हें मेरठ लाया गया था। यहां कई निजी अस्पतालों में बेड नहीं मिले और जब तक वह मेडिकल पहुंचे तब तक उनकी एंबुलेंस की ऑक्सीजन खत्म हो गई थी।