- अधिकारियों द्वारा मॉनीटरिंग करने के डीएम ने दिए निर्देश
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अधिकारी प्रतिदिन स्वयं शिकायतों की मॉनिटरिंग करें और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
ये निर्देश डीएम डाॅ. वीके सिंह ने सोमवार को विकास भवन सभागार में आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा बैठक में दिए। डीएम ने विभागवार शिकायतों की स्थिति, निस्तारण की गुणवत्ता और शिकायतकर्ताओं से मिले फीडबैक की समीक्षा की। कहा,आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता तक सीमित न रहे। अधिकारियों को शिकायतकर्ता से वार्ता करने के साथ आवश्यकता पड़ने पर मौके पर जाकर जांच और तथ्यों का सत्यापन करना होगा।
उन्होंने असंतुष्ट फीडबैक वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि अधिकारियों की लापरवाही या शिथिलता के कारण जिले की आईजीआरएस रैंकिंग प्रभावित हुई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डाॅ. राम प्रसाद, एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।