मवाना पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम तीन लोगों को किताबों के साथ पकड़ा था
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मवाना थाना पुलिस द्वारा एनसीईआरटी की ढाई हजार किताबों के साथ हिरासत में लिए गए तीन लोगों से पूछताछ जारी है। इस मामले में पुलिस ने एनसीईआरटी को सूचना दे दी है। एनसीईआरटी की टीम यहां आकर किताबों की जांच करेगी। जांच के आधार पर पुुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी।
बृहस्पतिवार को थाना पुलिस ने एनसीईआरटी की लगभग ढाई हजार किताबों के साथ तीन लोगों को बस स्टैंड के पास से हिरासत में लिया था। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया था कि पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए तीनों युवक मेरठ और कानपुर क्षेत्र में किताबों की सप्लाई करते हैं। एनसीईआरटी की डुप्लीकेट किताबों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि इस संबंध में एनसीईआरटी को सूचना दे दी गई है। एनसीईआरटी टीम के पहुंचने के बाद पकड़ी गई किताबों की जांच की जाएगी। वहीं थाना पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए तीनों युवकों से पूछताछ जारी है।